राज्यपाल एनएन वोहरा ने केरल में 31 जनवरी से 14 फरवरी 2015 तक हुए राष्ट्रीय खेलों में रियासत को मिले पंद्रह पदकों पर खुशी प्रकट करते हुए नकद पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की घोषणा की है।
राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक विजेता खिलाडि़यों को 51 हजार, रजत पदक विजेताओं को 31 हजार और कांस्य पदक विजेता खिलाडि़यों को 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
राजभवन प्रवक्ता के अनुसार राष्ट्रीय खेलों में जिम्नास्टिक, वुशू, बाक्सिंग, कायाकिंग और केनोइंग, फेंसिंग, एथलेटिक्स, रेसलिंग आदि प्रतियोगिताओं में रियासत के 89 खिलाडि़यों पर आधारित दल ने हिस्सा लिया और पंद्रह पदक रियासत की झोली में डाले हैं।
इनमें तीन स्वर्ण, दो रजत और दस कांस्य पदक शामिल हैं। अब तक स्वर्ण पदक पर 25 हजार, रजत पदक पर 15 हजार और कांस्य पदक पर दस हजार रुपये दिए जाते थे।
प्रवक्ता के अनुसार राजभवन में जल्द ही पदक विजेता खिलाडि़यों सम्मान में समारोह का आयोजन किया जाएगा जिसमें उन्हें नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।