पंचायत चुनाव में खड़े उम्मीदवारों के हक में चुनाव प्रचार कर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने पर पुलिस के एक एसपीओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि एक अन्य सरकारी कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया गया है।
एसएसपी राजोरी युगल मनहास के अनुसार दरहाल पुलिस थाने में तैनात एसपीओ फयाज अहमद के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं कि वह चुनाव प्रचार में शामिल हो रहा है। प्राथमिक जांच करने पर मालूम हुआ कि एसपीओ अपने दरहाल ब्लॉक के एक वार्ड से महिला पंच उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार कर रहा था। उसने आचार संहिता का उल्लंघन किया है।
मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने दरहाल पुलिस थाने में एसपीओ के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, ग्राम विकास विभाग में ग्राम रोजगार सेवक के पद पर तैनात एक कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया गया है। विभाग के असिस्टेंट डायरेक्टर के अनुसार बुद्धल ब्लॉक के रेहान क्षेत्र में तैनात मंजूर हुसैन के खिलाफ चुनाव प्रचार में शामिल होने के समाचार मिल रहे थे। मामले का संज्ञान लेते हुए उसे सस्पेंड कर दिया गया है।