केंद्रीय विद्युत मंत्री पीयूष गोयल के जम्मू-कश्मीर में एनएचपीसी की ओर से संचालित परियोजनाओं को राज्य सरकार को हस्तांतरण से इंकार के बाद से विपक्ष के निशाने पर आई राज्य सरकार मामले को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के समक्ष उठाएगी।
राज्य सरकार के प्रवक्ता एवं शिक्षा मंत्री नईम अख्तर का कहना है कि एजेंडा आफ एलायंस में पीडीपी-भाजपा के नेतृत्व के अलावा केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता शामिल है।
संसद में केंद्र सरकार ने एजेंडा आफ एलायंस पर वचनबद्धता व्यक्त की हुई है। एनएचपीसी की रियासत में परियोजनाओं के हस्तांतरण पर राज्य सरकार अपने एजेंडे पर कायम है।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अपने मंत्रालय का पक्ष बयान में रखा है। उन्हें नहीं लगता कि गोयल का बयान केंद्र सरकार का बयान है। जहां तक कि राज्य सरकार का पक्ष है तो वह इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष उठाएगी और पीडीपी स्तर पर भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व से बात की जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से भी मामले पर चर्चा होगी।