रियासत में बिना दांतों के चल रहे राज्य जवाबदेही आयोग के अलावा नई संशोधित भर्ती नीति को भी रियासती सरकार की आगामी कैबिनेट बैठक में मंजूरी मिलेगी।
उच्च पदस्थ सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राज्य जवाबदेही आयोग के चेयरमैन और सदस्यों के चयन के लिए रियासती सरकार पर तीन मंत्रियों पर आधारित कैबिनेट सब कमेटी ने चेयरमैन पद के लिए दो और सदस्यों के लिए चार नामों पर आधारित पैनल को आखिरी रूप देकर अपनी सिफारिश कर दी है।
कैबिनेट बैठक में अब पैनल में से चेयरमैन पद के लिए एक नाम और चार सदस्यों के पैनल में से दो नामों को जवाबदेही आयोग के सदस्य के तौर पर हरी झंडी दी जाएगी।
कैबिनेट की बैठक में नई संशोधित भर्ती नीति पर भी सरकार की मुहर लगेगी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिला विकास बोर्डों की बैठकों का सिलसिला आठ जुलाई को खत्म हो जाएगा।
इसके बाद कभी भी कैबिनेट की बैठक हो सकती है और इसमें नई भर्ती नीति, जवाबदेही आयोग के चेयरमैन और सदस्यों के नामों को हरी झंडी मिलने के अलावा अन्य कई मुद्दों पर भी चर्चा होगी।