रियासत की शीतकालीन राजधानी जम्मू के विकास के लिए कैपिटल सिटी डेवलपमेंट प्लान के तहत 690 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा जिला सेक्टर प्लान के तहत 212 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इस लिहाज से जम्मू जिले में विकास के मद में कुल 902 करोड़ की भारी भरकम विकास राशि को मंजूर किया गया है।
जम्मू जिला विकास बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने शुक्रवार को जम्मू और श्रीनगर शहरों के विकास पर खास ध्यान देने पर जोर दिया। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने दोनों शहरों के लिए कैपिटल सिटी प्लान तैयार करके जिला प्रशासन से इन बड़े शहरों में विकास प्रक्रिया को अलग करने का निर्णय लिया है।
यह सुनिश्चित करेगा कि इन दो शहरों में विकास ढांचा सीमित दायरे में नहीं रहेगा बल्कि उसे लगातार प्रगति मिलेगी। जम्मू और श्रीनगर राजधानी शहर होने के चलते नागरिक सुविधाओं की बढ़ती मांगों के अतिरिक्त काफी अस्थायी आबादी का भार उठाना पड़ता है। इस वजह से प्लानिंग में इन बातों पर ध्यान देना होगा।
उपमुख्यमंत्री डॉ निर्मल सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार ने क्रियान्वयन एजेंसियों के लिए परियोजनाओं को समय सीमा में पूरा करने के लिए अनिवार्य कर दिया है। कई लंबित परियोजनाओं को ट्रैक पर लाया गया है। मुबारक मंडी विरासत परियोजना को जम्मू शहर की परंपरा और संस्कृति के संरक्षण में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया।