पीडीपी के वरिष्ठ नेता और अमीरा कदल विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार सैयद अल्ताफ बुखारी ने वर्तमान सरकार पर लोगों की समस्याओं को पूरा करने में असफल रहने का अरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास पर्यटन को बढ़ावा देने की कोई नीति नहीं है, जिसके चलते बेरोजगारी की समस्या अधिक हो रही है।
बुखारी वीरवार को राजबाग में होटल मालिकों की एक बैठक को संबोधित्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर विधानसभा चुनाव के बाद उनके दल को सरकार बनाने का मौका मिलता है तो उनकी सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने का हरसंभव प्रयास करेगी ताकि इस धंधे से जुडे़ लोगों को अधिक लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि होटल मालिक पर्यटन को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा सकते हैं, लेकिन नेकां सरकार ने उनकी हमेशा अनदेखी की है। राज्य में अधिक संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए जो कदम उठाने चाहिए थे वह इस सरकार ने नहीं उठाए। राज्य में बढ़ रही बेरोजगारी को भी उन्होंने एक अहम समस्या करार दिया। होटल मालिकों ने इस मौके पर वर्तमान सरकार पर उनकी अनदेखी करने का अरोप लगाया।