जम्मू-कश्मीर में पीडीपी के साथ सरकार बनाने के मामले में पार्टी और संघ के अंदर उठ रहे सवालों व संदेहों को भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में दूर करने की पुरजोर कोशिश की गई।
शनिवार को सरकार बनाने के फैसले पर जहां कार्यकारिणी ने भी हामी भर दी, वहीं भाजपा ने दावा किया है कि सूबे में सरकार संघ की इच्छा से बनाई गई। सरकार बनाने के सूत्रधार रहे पार्टी महासचिव राम माधव ने बैठक में इस फैसले के बचाव में 45 मिनट का प्रस्तुतिकरण दिया।
राम माधव ने सूबे में सरकार बनाने के फैसले को भाजपा के लिये ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि दोनों दल वास्तव में विकास के एजेंडे के तहत साथ-साथ आए हैं। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि सूबे के लोगों की सोच बदलने और उन्हें मुख्यधारा में लाने के लिये विकास की राजनीति की जरूरत है।