विधानसभा में विपक्ष ने कश्मीर के बिगड़े हालात के लिए रियासत और केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। विपक्षी सदस्यों ने सदन में जमकर हंगामा किया। नेकां के विधायक अबुल मजीद लारमी ने बेल में आकर धरना दिया।
सदन का पिछली बैठक से अब तक जिन सदस्यों, पूर्व सदस्यों और अन्य गण्यमान्य लोगों की मौत पर शोक प्रस्ताव पर चर्चा होनी थी, लेकिन यह चर्चा कश्मीर के हालात में बदल गई। कई सदस्यों ने परंपरा में इस बदलाव पर आपत्ति जताई।
नेकां के देवेंद्र राणा ने कहा कि रियासत में लोकतंत्र की हत्या हो रही है। जिन पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि दी जा रही है, उनकी आत्मा भी दुखी होगी। कश्मीर में बेगुनाहों का खून बहाया जा रहा है। सदन की शुरुआत में ही नेकां के विधायक विरोध की तख्तियां लेकर नारे लगाते हुए सदन में आए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आरएसएस और इजरायल के एजेंडे पर चल रही है। मेजर गोगोई को सम्मानित करने का विरोध किया।