30 सेकेंड में सैकड़ों फोटो खींच थ्रीडी छवि बनाने वाली सीबीसीटी भी इंस्टाल
जीएमसी में सीबीसीटी (कोन बीम कंप्यूटर टोमोग्राफी) एक्सरे यूनिट भी शुरू की गई है, जो दंत चिकित्सा के साथ-साथ कान, नाक और गले संबंधी रोगों में एक्स-रे से कई गुना स्टीक रिजल्ट देती है। 30 सेकेंड से भी कम समय में यह मशीन सैकड़ों फोटो खींच सकती है और इससे उक्त रोगों में थ्रीडी छवि बनाकर इलाज को सरल किया जा सकता है। यह सॉफ्टवेयर डेंटल पेशेवरों को हड्डी और नरम ऊतक विकृति, सिस्ट और ट्यूमर जैसी बीमारियों को भांप लेता है।
यह जबड़े के जोड़ और उसके आसपास की मांसपेशियों में दर्द के अलावा दंत प्रत्यारोपण प्लेसमेंट, सिस्ट और ट्यूमर के 100 फीसदी उपचार का निदान करने में मदद करता है। अधिकारियों का कहना है कि यह मशीन एक हाईब्रिड प्रकार का डेंटल स्कैन है। यह उन दांतों के विकार का पता लगाने में सक्षम है, जो फूटे नहीं हैं।
जीएमसी के दंत चिकित्सा विभाग में तीन सॉफ्ट टिश्यू लेजर भी स्थापित किए गए हैं, जो विभिन्न मौखिक स्थितियों जैसे मसूड़ों में खराबी, तालू और जीभ से संबंधित रोग, खराब जाड़ का इलाज, लाल और सफेद घावों और अल्सर को हटाने के लिए समाधान प्रदान करते हैं। इनसे न केवल बायोप्सी ली जा सकती है, बल्कि इंप्लांट रिकवरी, दांत के डिसेन्सिटाइजेशन और ओरोफेशियल दर्द प्रबंधन में मदद ली जाती है। इसे दंत चिकित्सा का स्मार्ट तरीका कहा जाता है, जो सर्जरी के बाद कम से कम जटिलताओं के साथ तेजी से उपचार करने में सक्षम बनाता है।
-जीएमसी प्रबंधन मरीजों के लिए हर सुविधा देने के लिए वचनबद्ध है। सुविधाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। दंत चिकित्सा विभाग में कई नई सुविधाओं की शुरुआत की गई है ताकि लोगों का समय और पैसा बचाया जा सके। -डॉ. सुरिंदर कुमार अत्री प्रिंसिपल जीएमसी