मेडिकल कालेज जम्मू में मंगलवार को दूसरे दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 2013-14 बैच से निकले 67 एमबीबीएस डाक्टरों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा तीन डाक्टरों को छह पदक दिए जाएंगे। इसमें एक महिला डाक्टर को चार पदक मिलेंगे। इस बीच सोमवार को जीएमसी के सभागार में समारोह की रिहर्सल में सभी एचओडी शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि जीएमसी जम्मू में वर्ष 2010 में पहले दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया था। नोडल आफिसर डा. भूपेश खजूरिया के अनुसार समारोह में डिग्रियां पाने वाले डाक्टरों ने सोमवार तक पंजीकरण कराया। समारोह में डिग्री होल्डरों को मानवता की सेवा के लिए शपथ दिलाई जाएगी।
इस दौरान विवि के नियमों के तहत सभागार में दीक्षांत समारोह की सारी प्रक्रिया को अंजाम दिया जाएगा। एमबीबीएस का कोर्स साढ़े चार साल का होता है और एक साल की इंटरनशिप के बाद ही एमबीबीएस डाक्टर को डिग्री दी जाती है।