कश्मीर में सोशल मीडिया नेटवर्किंग साइट पर संदेश भेजने पर प्रतिबंध लगते ही गूगल का जीमेल आईडी सहित अन्य मेल आईडी ट्रेंड में आ गईं। फेसबुक पर कश्मीर से संबंध रखने वाले उपभोक्ताओं की अपने फेसबुक पेज पर जीमेल आईडी स्टेटस में अपडेट करने की बाढ़ आ गई।
हर किसी ने अपना जीमेल आईडी शेयर किया। रेडिफमेल, हाटमेल, इंस्टाग्राम, इमो जैसे अकाउंट भी शेयर किए गए। दरअसल, जीमेल से एक दूसरे को मेल किया जा सकता है। यहां तक कि चैटिंग भी की जा सकती है।
बेशक गृह विभाग ने 22 नेटवर्किंग साइट पर संदेश भेजने पर रोक लगा दी हो, लेकिन आपस में बात करने वालों ने तरीका कुछ ही मिनट में ढूंढ लिया। संभव है कि जो लोग व्हाट्सएप आदि का इस्तेमाल करते हैं वह लोग भी जीमेल की आईडी बनाएं। इसके माध्यम से एक दूसरे से बात कर सकें।
जीमेल पर 25 एमबी तक की फाइल एक बार में भेजी जा सकती है। इसमें वीडियो, फोटो, पीडीएफ फाइल सहित अन्य फाइलें भी भेजी जा सकती हैं। अन्य नेटवर्किंग साइट का इस्तेमाल करने वाले इसका भी इस्तेमाल कर सकते हैं। गृह विभाग ने सिर्फ सोशल नेटवर्किंग साइट के संदेश ब्लाक किए हैं, जबकि जीमेल आईडी पर मैसेज भेजा जा सकेगा।