जम्मू। जलशक्ति विभाग ने चालू वित्त वर्ष के दौरान 21 हजार 650 परिवारों को नए कार्यात्मक घरेलू नल कनेक्शन (एफएचटीसी) प्रदान किए हैं। विभाग ने योजना के तहत 90 फीसदी से अधिक स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों, 51 फीसदी स्वास्थ्य संस्थानों और 34 प्रतिशत ग्राम पंचायतों को भी कवर किया है। यह बात मुख्य सचिव डॉ. अरुण कुमार मेहता ने केंद्र प्रायोजित योजना ‘जल जीवन मिशन’ के तहत हो रहे काम की प्रगति पर हुई समीक्षा बैठक में कही।
आयुक्त सचिव जल शक्ति विभाग और मिशन निदेशक के साथ विभाग के संबंधित अधिकारियों ने बैठक में हिस्सा लिया। बताया गया कि 2021-22 के दौरान कश्मीर में 1 लाख 97 हजार 593 घरों और जम्मू में 4 लाख 90 हजार 583 घरों को कार्यात्मक घरेलू नल कनेक्शन से जोड़ा जाएगा। मुख्य सचिव ने विभाग को निर्देश दिए कि 15 अगस्त, 2021 से पहले सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को क्रियाशील जल कनेक्शन उपलब्ध कराएं। विभाग को अपने शुल्क संग्रह तंत्र और बिलिंग चक्र को सुव्यवस्थित करने के लिए कहा गया था। उपभोक्ताओं पर भुगतान का बोझ कम करने और राजस्व सृजन में विभाग की दक्षता बढ़ाने के लिए तिमाही आधार पर बिल निर्माण और राजस्व संग्रह करने की सलाह दी गई।