मोहाली में कश्मीरी विद्यार्थियों व श्रमिकों से 15 मार्च को मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी पर सवाल उठाते हुए राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से हस्तक्षेप की अपील की है।
आजाद की ओर से बादल को लिखे पत्र में कहा गया है कि जम्मू कश्मीर के विद्यार्थियों व श्रमिकों से बुरी तरह से मारपीट की गई। कई विद्यार्थियों को घायल अवस्था में मोहाली के सिविल लाइंस अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
इस मामले में आईपीसी की धारा 307, 323, 506 और 34 के तहत मामला दर्ज होने के बावजूद अभी तक हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है। पत्र में उन्होंने कहा है कि जब से मोदी सरकार केंद्र में आई है तब से समाज को विभाजित करने की घटनाएं बढ़ी हैं।
जम्मू कश्मीर के हजारों विद्यार्थी पंजाब में शिक्षा हासिल कर रहे हैं। साथ ही राज्य को आर्थिक रूप से मजबूत करने में भी अपनी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बादल से मामले में हस्तक्षेप कर हमलावरों को जल्द गिरफ्तार करवाने की अपील की है।