कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने नेकां(नेशनल कांफ्रेंस) को परिसीमन आयोग की बैठक में शामिल होकर जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व करने का सुझाव दिया है। हाल ही में हुई आयोग की पहली बैठक में नेकां सांसद डॉ. फारूक अब्दुल्ला, मोहम्मद अकबर लोन और हसनैन मसूदी ने बहिष्कार किया था।
आजाद ने कहा कि एक अच्छे संकेत के साथ नेकां सांसदों को परिसीमन आयोग की बैठक में प्रभावी ढंग से अपनी बात रखनी चाहिए। डॉ. फारूक अब्दुल्ला आयोग की बैठक का हिस्सा बनें। वह बैठक में शामिल न होकर भाजपा को फ्री हैंड दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें- जांबाजी और जिंदादिली की मिसाल हैं अनंतनाग के अब्दुल्ला, एक हाथ से हौसलों को दी उड़ान
नेकां के वरिष्ठ नेता हसनैन मसूदी परिसीमन प्रक्रिया को अवैध बता चुके हैं। उन्होंने इस प्रक्रिया को संविधान के प्रावधानों के खिलाफ बताया है। गुरुवार को आयोग की हुई पहली बैठक में जम्मू-कश्मीर के सांसदों और अन्य संबंधित अधिकारियों से परिसीमन पर सुझाव और विचार लिए गए थे। पिछले साल केंद्र ने परिमीसन आयोग का गठन किया था। जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन के बाद परिसीमन प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है।