प्रधानमंत्री के लद्दाख दौरे के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बाद अन्य नेता भी ट्विटर वार में कूद चुके हैं। शनिवार को जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने अपने ट्विटर हैंडल पर लद्दाख के कुछ नेताओं के वीडियो शेयर कर एलएसी के हालात को लेकर सवाल उठाए हैं।
यह भी पढ़ेंः लद्दाख से जम्मू-कश्मीर तक ऐसे मुश्किल हालात में काम करती है सेना, तस्वीरें कराएंगी गर्व का एहसास
इनमें एक वीडियो लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद लेह से भाजपा के कार्यकारी पार्षद कोंचोक स्टैंजिन, दूसरे वीडियो में लेह के भाजपा नेता दोरजे अंगचुक और तीसरा वीडियो भाजपा के लद्दाख से सांसद जाम्यांग सेरिंग नामग्याल का है। इन वीडियो में तीनों नेता लद्दाख में चीन की हरकत पर अपने विचार रख रहे हैं।
आजाद ने ट्वीट कर कहा कि लद्दाख के सांसद कह रहे हैं कि चीन लगातार घुसपैठ कर रहा है। भाजपा के लेह जिलाध्यक्ष कह रहे हैं कि चीन घुसपैठ कर समस्याएं खड़ी कर रहा है और एलएसी का प्रतिनिधित्व करने वाले स्टैंजिन भी चीन की घुसपैठ की बात कर रहे हैं। यह नेता भाजपा के हैं।
यह भी पढ़ेंः मेजर शैतान सिंह, जिन्हें यादकर थर्रा उठता है चीन, 120 सपूतों ने 1300 चीनियों को उतारा था मौत के घाट
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को कांग्रेस नेता ने पीएम के लेह पहुंचने पर कुछ लद्दाखियों के वीडियो ट्विटर पर जारी किए थे। इसके बाद गुलाम नबी आजाद ने वीडियो शेयर किए, जिसे अब लद्दाख के कांग्रेस नेता भी रिट्वीट कर रहे हैं।