आरएस पुरा। मीरां साहिब रेलवे पटरी के पास रणवीर नहर में गंदा पानी रुके होने की शिकायत के बाद एसडीएम रामलाल शर्मा ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने रिंग रोड का निर्माण करवा रहे अधिकारियों से बंद नहर को जल्द खोलने का निर्देश दिया।
वन सुल्तान अपर पंचायत के सरपंच एडवाकेट देवराज शर्मा ने कहा कि रिंग रोड का काम होने के कारण नहर बंद हो गई है। इससे लोगों के घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी ठप हो गई है। इससे आसपास के रहने वाले लोगों को दुर्गंध उठने परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मीरां साहिब की डीडीसी सदस्य विद्या मोटन ने बताया कि नहर बंद होने पर साफ-सफाई का कार्य चल रहा है। हर वर्ष 13 अप्रैल को रणवीर नहर में पानी छोड़ा जाता है। जिस प्रकार रिंग रोड का निर्माण कार्य चल रहा उससे नहीं लगता की तय समय पर पानी छोड़ा जाऐगा। उन्होंने रिंग रोड के निर्माण में तेजी लाए जाने की मांग की। जिससे किसानों को समय पर पानी मिल सके। एसडीएम रामलाल शर्मा ने रिंग रोड का निर्माण कर रही कंपनी के अधिकारी को बुला कर नहर खोलने और पानी की निकासी करने को कहा। शर्मा ने नहर किनारे पार्क का निर्माण का भी निरीक्षण किया। नहर किनारे अवैध निर्माण कर रहने वाले लोगों से सप्ताह के भीतर अतिक्रमण हटाने को कहा। इस दौरान ओमनाथ शर्मा, गुरशरण शर्मा, पंच पवन शर्मा, मुलख राज मौजूद रहे।