मैत्रा इलाके में शुक्रवार को सीआरपीएफ जवान केघर में एलपीजी सिलिंडर में रिसाव के कारण लगी आग में दो बच्चों की मौत हो गई जबकि जवान की पत्नी और तीसरा बच्चा झुलस गए। झुलसे बच्चे की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शुक्रवार सुबह मैत्रा इलाके के एक घर में एलपीजी सिलिंडर में रिसाव के कारण आग लग गई। इसमें एक महिला और उसके तीन बच्चे झुलस गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम के अलावा दमकल कर्मी और फायर टेंडर भी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। घायलों को जिला अस्पताल रामबन ले जाया गया जहां से उन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (जीएमसीएच) जम्मू रेफर कर दिया गया।
अंतिम रिपोर्ट आने तक जम्मू के अस्पताल ले जाते समय दो बच्चों ने दम तोड़ दिया जबकि दो अन्य का जीएमसीएच जम्मू में इलाज चल रहा है। हादसे में सीआरपीएफ जवान के बेटे साहिल कटोच (5) और गौरव कटोच (3) की मौत हो गई।
घायलों में राजेश सिंह की पत्नी सत्या देवी और उनके बेटे सौरभ शामिल हैं। सीआरपीएफ के जीवन राजेश कटोच घटना के समय ड्यूटी पर तैनात थे। परिवार मूलरूप से घारी तहसील राजगढ़ का है और वर्तमान में मैत्रा जिला रामबन में रह रहा है।