जिले के कोटरंका क्षेत्र में नौवीं कक्षा की छात्रा की गैंगरेप के बाद हत्या कर देने का मामला सामने आया है। छात्रा का शव घर के पास ही अनस नदी पर बने पुल के नीचे मिला। परिवार वालों के मुताबिक वह सुबह शौच के लिए घर से निकली थी।
घटना से गुस्साए परिवार वालों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। बाजार भी बंद रखा गया। हिंदू संगठनों के लोग भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। परिवार वालों की मांग पर शव का दो बार पोस्टमार्टम किया गया। इस मामले में जांच के लिए सिट का गठन किया गया है।
जानकारी के अनुसार मूलत: कोटरंका सब डिवीजन निवासी एक परिवार कोटरंका के मुख्य बाजार में किराए पर रहता है। वीरवार की सुबह जब बड़ी देर तक उनकी 15 वर्षीय बेटी घर में नहीं दिखी तो उसकी तलाश शुरू की गई। उसका शव अनस नदी पर बने पुल के नीचे मिला। पुल घर से थोड़ी ही दूरी पर है।