जम्मू में गणतंत्र दिवस के मौके पर होने पर कार्यक्रमों की तैयारी जोरों पर है। सोमवार को जम्मू के मौलाना आजाद (एमए) स्टेडियम में फुलड्रेस रिहर्सल की गई। इस दौरान एमए स्टेडियम के बाहर और अन्य इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। उधर श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में भी जवानों ने पुर्नअभ्यास किया।
कदम से कदम मिलाए जा की धुनों पर जिला पुलिस, सीआरपीएफ, सशस्त्र पुलिस बल, एनसीसी, वन सुरक्षा बल के जवानों सहित विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने मार्च पास्ट में हिस्सा लिया।
एमए स्टेडियम में फुलड्रेस रिहर्सल शानदार तरीके से की गई। इसके साथ ही आयोजन स्थल और उसके आसपास के इलाकों को सील कर दिया गया है। कलाकारों की ओर भी रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। भीषण ठंड के बावजूद स्टेडियम में गणतंत्र दिवस की परेड से पहले फुलड्रेस रिहर्सल में जवानों में जोश दिखा।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, ड्रोन और अन्य सर्विलांस से रखी जा रही नजर
आईजी कश्मीर विजय कुमार ने कहा कि पुलिस, सीएपीएफ और सेना के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखे हुए है। ड्रोन और अन्य सर्विलांस से सभी चीजों पर नजर रखी जा रही है। सुनिश्चित करेंगे कि गणतंत्र दिवस समारोह शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित हो।