जम्मू संभाग के कठुआ जिले में ब्राह्मण सभा ने लोगों के लिए निशुल्क एंबुलेंस सेवा की शुरुआत की है। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने शहर के वार्ड नंबर 7 में रहने वाले सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया। इसके अलावा शहर के वार्ड नंबर 10 में स्थानीय पार्षद अजय कुमार और भाजपा नेता विद्यासागर शर्मा ने वार्ड में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों को निशुल्क मास्क वितरित किए।
एंबुलेंस सेवा शुरू करने वाली ब्राह्मण सभा के प्रधान रजनीकांत शर्मा ने कहा कि कोरोना की इस महामारी से हम तभी लड़ सकते हैं, जब समाज का हर वर्ग एक-दूसरे के लिए सहायता के लिए आगे आए। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में विभिन्न चौराहों पर तैनात पुलिस और सुरक्षाबल के जवानों को सभा की तरफ से पहले ही खाने-पीने का सामान वितरित करने का कार्यक्रम शुरू किया जा चुका है। अब लोगों को स्वास्थ्य सुविधा दिलाने के लिए एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है, जोकि कठुआ से 15 किलोमीटर के क्षेत्र में रहने वाले लोगों को निशुल्क सेवा प्रदान करेगी।
वार्ड 7 के सफाई कर्मचारी सम्मानित
इसी क्रम में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के सदस्यों ने शहर के वार्ड नंबर 7 में रहने वाले सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने वार्ड में रहने वाले सभी सफाई कर्मचारियों के घरों को सैनिटाइज भी किया। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के जिला संयोजक रमेश भारती ने कहा कि महामारी के दौर में सफाई कर्मचारी जिस तरह लोगों की सेवा में जुटे हुए हैं, वह प्रशंसनीय है। इसी के चलते संस्था ने उन्हें आज सम्मानित किया।
वार्ड 10 में लोगों को बांटे मास्क
वार्ड नंबर 10 में स्थानीय पार्षद अजय कुमार और भाजपा नेता विद्यासागर शर्मा ने वार्ड में रहने वाले 40 के करीब गरीब परिवारों को निशुल्क मास्क वितरित किए। इस मौके पर विद्यासागर शर्मा ने कहा कि महामारी के चलते गरीब परिवारों के समक्ष भरण पोषण का संकट खड़ा हो गया है। इसी को देखते हुए वह जल्द ही डीसी के साथ मुलाकात करेंगे और प्रयास करेंगे कि सरकार द्वारा निशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे राशन की सुविधा का लाभ इन परिवारों को मिल सके। अगर ऐसा संभव नहीं हुआ तो वह अन्य किसी स्रोत से इन परिवारों को राशन उपलब्ध करवाने का प्रयास करेंगे।
यह भी पढ़ें- कोरोना ने छीनीं खुशियां: परिवार के छह संक्रमितों में दो की गई जान, मां-बाप का चेहरा भी नहीं देख सके