जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन थाना क्षेत्र के केला मोड़ इलाके में बुधवार को दोपहर बाद श्रीनगर से जम्मू की ओर आ रही कार चालक से अनियंत्रित होकर करीब तीन सौ फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इनमें से दो सगे भाई थे। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ कैस भी बरामद किए हैं।
इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मृतक कारोबारी होंगे। जानकारी के अनुसार श्रीनगर से जम्मू की ओर आ रही कार जेके 02बीजे 4519 जम्मू की ओर बढ़ रही थी कि रामबन से चार किलोमीटर पहले केला मोड़ के पास चालक से अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार सभी चार लोगोें की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे पर तैनात सेना की आरओपी के जवान, स्थानीय लोग और स्थानीय रेड क्रास के सदस्य और पुलिस ने सभी चार मृतकों के शव को तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद खाई से निकाल कर जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया।
हादसे में मरने वालों में शमश खान और नजीर अहमद(सगे भाई) निवासी गोल गुजराल जम्मू, शाह मोहम्मद निवासी गोल गुजराल और शिफायत अली निवासी अखनूर शामिल हैं। इस संबंध में रामबन पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।