सोपोर। उत्तर कश्मीर के सबसे व्यस्त स्वास्थ्य संस्थानों में से एक उप जिला अस्पताल (एसडीएच) सोपोर में एंबुलेंस की कमी है। यहां छह एंबुलेंस थीं, जिनमें से चार खराब पड़ी हैं। केवल दो एंबुलेंस पर हंदवाड़ा, कुपवाड़ा, बांदीपोरा और सोपोर के मरीजों का भार है। गंभीर मरीजों को भी समय पर एंबुलेंस नहीं मिल पा रही, जिससे उन्हें निजी वाहन से अस्पताल जाना पड़ रहा है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, एसडीएच में हर रोज करीब तीन हजार मरीज आते हैं। इनमें से कुछ गंभीर भी होते हैं, जिन्हें एंबुलेंस की जरूरत होती है, मगर चार एंबुलेंस के खराब होने से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसे में मरीजों, तीमारदारों के साथ ही अस्पताल कर्मचारियों ने भी कश्मीर स्वास्थ्य सेवा निदेशालय से खराब एंबुलेंस सही कराने की मांग की है।
अस्पताल के एजाज अहमद ने बताया कि यह अच्छा अस्पताल है। हजारों लोगों का यहां इलाज होता है, मगर आपातकालीन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हैं। इतनी घनी आबादी वाले क्षेत्र में केवल दो एंबुलेंस पर्याप्त नहीं हैं।
विधायक देंगे दो एंबुलेंस और एनेस्थीसिया मशीन भी
अमर उजाला ने इस मामले में सोपोर के विधायक इरशाद रसूल से बात की। उन्होंने कहा कि लोगों की इस समस्या को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बताया गया है। जल्द ही खराब एंबुलेंस ठीक कराई जाएगी। वह खुद इस सप्ताह अस्पताल को एनेस्थीसिया मशीन, एक सामान्य और एक आपातकालीन एंबुलेंस देंगे।