राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेहतरीन सेवा कार्य के लिए जम्मू-कश्मीर के चार व लद्दाख के एक अधिकारी को सम्मानित किया है। इनमें समाज कल्याण विभाग की सचिव व पूर्व पंचायती राज सचिव शीतल नंदा, डॉ. पीयूष सिंगला, अंशुल गर्ग व बशीर उल हक को लोक प्रशासन में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार से नवाजा गया है। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने इन सभी को बधाई दी है।
उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने इन सभी को बधाई दी
इसके साथ ही लद्दाख के रवींद्र डांगी को भी सम्मानित किया गया है। पुरस्कार स्वरूप प्रशस्ति पत्र, ट्राफी तथा 10 लाख रुपये नकद प्रदान किया गया है। जम्मू-कश्मीर में बेहतरीन तरीके से पंचायत चुनाव संपन्न कराने के लिए पंचायती राज विभाग को पुरस्कृत किया गया है। जिस वक्त चुनाव हुए थे उस दौरान विभाग की सचिव शीतल नंदा थीं, जो अब समाज कल्याण विभाग की सचिव हैं।
इस वजह से उन्होंने विभाग की ओर से यह सम्मान हासिल किया। इसके साथ ही जम्मू के डीसी अंशुल गर्ग को 2020 में डीसी कुपवाड़ा के रूप में तैनाती व डीसी पुलवामा डॉ. बशीर उल हक को कारगिल में 2020 में तैनाती के दौरान किए गए बेहतरीन कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
डीसी अनंतनाग डॉ. पीयूष सिंगला को पीएम स्वनिधि योजना को नगर परिषद अनंतनाग में बेहतरीन ढंग से लागू करने के लिए सम्मानित किया गया। डीएम वाराणसी को भी स्वनिधि योजना के लिए सम्मानित किया गया है। इस योजना के तहत कोरोना काल में संकट से जूझ रहे पटरी व्यवसायियों को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के साथ ही नियमित रूप से भुगतान पर इंसेंटिव देने की व्यवस्था थी। इस योजना ने कारोबारियों के लिए रोजगार के नए द्वार खोले।
फसल के लिए ग्रीनहाउस बनाने में लद्दाख सम्मानित
लद्दाख के कृषि विभाग द्वारा फ सलों को उगाने के लिए कुशल ग्रीनहाउस के निमाऺऱ़्ण को नवाचार श्रेणी में सम्मानित किया गया। पहले से स्थापित बड़ी संख्या में निष्क्रिय सौर ग्रीनहाउसों के सामने आने वाली चुनौतियों को कम करने के लिए लद्दाख के कृषि विभाग ने ग्रीनहाउस के डिजाइन में नवाचार का नेतृत्व किया और इसने पूरे वर्ष फसलों की खेती को सक्षम बनाया है।
सर्दियों में लद्दाख का तापमान -30 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है। किसानों को एक ऐसी तकनीक की जरूरत थी जो उन्हें सर्दियों के महीनों में सब्जियां पैदा करने में सक्षम बनाए। इस परियोजना के परिणामस्वरूप खाद्य सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, किसानों की आय दोगुनी और कार्बन तटस्थ लद्दाख के रूप में हुई। इसके लिए विभाग के सचिव रवींद्र डांगी को पुरस्कृत किया गया।