बडगाम से बारामुला के बीच चार और नई ट्रेनें चलेंगी। रेल मंत्री सुरेश प्रभु वीरवार को हरी झंडी दिखाकर इन ट्रेनों को रवाना करेंगे। इसके साथ ही घाटी में रेल सेवा नेटवर्क और मजबूत हो जाएगा।
नई ट्रेन शुरू करने के अवसर पर पीएमओ में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद और डिप्टी सीएम डॉ. निर्मल सिंह भी उपस्थित रहेंगे।
चार नई ट्रेनें शुरू हो जाने से लोगों को रेल सेवा के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। अभी ट्रेनों की संख्या कम होने की वजह से लोगों को काफी इंतजार करना पड़ता है।
मोदी सरकार बनने के बाद से घाटी में रेल सेवा को मजबूत करने की दिशा में कई कदम उठाए जा चुके हैं। जम्मू-बनिहाल रेलखंड के काम में भी तेजी लाई गई है।
अगले पांच साल में जम्मू से घाटी के लिए रेल सेवा शुरू हो जाएगी। पिछले दिनों रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने चिनाब दरिया पर बनने वाले पुल का शिलान्यास भी किया था।