जम्मू और श्रीनगर की स्वाइन फ्लू की विशेष ओपीडी में संदिग्ध मरीजों का पहुंचना जारी है। हालांकि इस संख्या में गिरावट से स्वास्थ्य महकमे के लिए थोड़ी राहत की बात है।
इस बीच बुधवार को जम्मू में चार और मरीज स्वाइन फ्लू के एच1एन1 वायरस से पाजिटिव पाए गए। पिछले चौबीस घंटों में दोनों डिवीजनों में स्वाइन फ्लू से कोई मौत नहीं हुई है।
स्वास्थ्य निदेशक डा. बलजीत सिंह के अनुसार बुधवार को दिल्ली से 22 रिपोर्ट आईं, जिसमें चार नये पाजिटिव मामले शामिल हैं। नये मामलों के साथ यह आंकड़ा 262 तक पहुंच गया है।
यहां अभी तक चार लोगों की स्वाइन फ्लू से मौत हो चुकी है। इस बीच एक संदिग्ध मरीज के खून और थूक के सैंपल जांच के लिए दिल्ली लैबोरेटरी भेजे गए। शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट आफ साइंसेंस एंड टेक्नोलाजी (स्किम्स) श्रीनगर के आइसोलेशन वार्ड में दो मरीजों का इलाज चल रहा है।
अस्पताल की ओपीडी में 41 लोग जांच करवाने के लिए पहुंचे, जिसमें स्क्रीनिंग के बाद 12 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए। अभी तक घाटी में 387 लोग स्वाइन फ्लू के वायरस से पाजिटिव हो चुके हैं। तेरह लोग स्वाइन फ्लू से अपनी जान गंवा चुके हैं।