हरियाणा में हिंसा थमने के चार दिन बाद राज्य में एसआरटीसी और निजी ट्रांसपोर्ट की इंटर स्टेट बस सेवा भी बहाल हुई। मंगलवार को जम्मू से दिल्ली और दिल्ली से जम्मू की तरफ आने बसों की सेवा पूरी तरह से बहाल हुई।
दोनों तरफ से 30 बसों का परिचालन हुआ। चार दिन से अजमेर, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से दिल्ली से होकर जम्मू आने वाली बसें दिल्ली में फंसी हुई थी, जबकि जम्मू से जाने वाले बाहरी राज्यों की बसें भी करनाल से आगे नहीं बढ़ पा रही थी।
एसआरटीसी के प्रबंधक तजिंदर सिंह का कहना है कि चार दिन के भीतर लाखों रुपये का नुकसान झेलना पड़ा है, लेकिन अब सब ठीक हो गया है। बाहरी राज्यों के लिए चलने वाली बसों का परिचालन ठीक रहा है।
वहीं रेलवे स्टेशन से टूरिस्ट टैक्सी आपरेटरों ने भी राहत की सांस ली है। मंगलवार को रेलवे स्टेशन से करीब 50 वाहन टूरिस्ट डेस्टिनेशन की तरफ निकले। हालांकि अब भी पूरी तरह से हालात सामान्य होने में एक हफ्ता लग सकता है।
यूनियन के प्रधान अंचल सिंह का कहना है कि चार दिनों के भीतर सिर्फ रेलवे टैक्सी आपरेटरों को ही आठ लाख रुपये का नुकसान झेलना पड़ा है। वहीं जम्मू से निजी बसों का भी मंगलवार को परिचालन हुआ है।