रियासी। पुलिस ने मवेशी तस्करी के प्रयास में फरार चार लोगों को 20 दिन बाद गिरफ्तार किया है। उन्हें हिरासत में रखा गया है। बताया जाता है कि बीते माह 10 अप्रैल को कटड़ा मार्ग पर ग्रामीणों ने पशु तस्करी के एक प्रयास को विफल किया था। थाना रियासी से पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची थी। मगर तस्कर वहां से फरार हो गए थे।
पुलिस ने मौके पर से टाटा मोबाइल (जेके14इ 5706) तथा कार (जेके20सी 1021) को जब्त किया जो तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही थी। एसएसपी परमवीर सिंह के निर्देश पर डिप्टी एसपी इफ्तिखार अहमद, डीएसपी हेडक्वार्टर विशाल सिंह जमवाल व एसएचओ रंजीत सिंह राव ने जांच शुरू की। पुख्ता सूचना के आधार पर फरार आरोपी अब्दुल गनी, अब्दुल हामिद व मुश्ताक अहमद सभी निवासी कारुया, रियासी व बाबू हुसैन निवासी पखलाई उधमपुर को गिरफ्तार किया गया।
बताया जाता है कि आरोपी मवेशियों को वाहन में लाद कर सड़क मार्ग के जरिए कश्मीर ले जा रहे था। कारुया में लोगों के हंगामे बाद मवेशी तस्करी का प्रयास विफल हुआ था।