जम्मू में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के स्थापना दिवस के मौके पर पलौड़ा स्थित बीएसएफ फ्रंटियर आफिसर्स इंस्टीट्यूट में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने आतंकवाद व आतंकी समर्थकों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि आतंकवाद प्रदेश से सफाया कर दिया जाएगा।
उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि सामाजिक ताने-बाने को घायल करने वालों और शांति के दुश्मनों को हम न कभी भूलेंगे और न ही कभी छोड़ेंगे। आतंकवाद और आतंकियों के समर्थकों का सफाया करना हमारी प्राथमिकता है। बीएसएफ के स्थापना दिवस समारोह पर जम्मू के पलौड़ा स्थित बीएसएफ फ्रंटियर आफिसर्स इंस्टीट्यूट में आयोजित कार्यक्रम में उपराज्यपाल ने कहा कि आज यदि लोग बिना किसी डर के जम्मू-कश्मीर की विकास यात्रा में योगदान कर रहे हैं तो यह सुरक्षा बलों के बलिदान से ही संभव हो सका है।
विज्ञापन
प्रदेश में शांतिपूर्ण तरीके से डीडीसी चुनाव, सीमावर्ती गांवों में सार्वजनिक सेवा कार्यक्रम, कोरोना काल में सहायता से लेकर सीमा पार से घुसपैठ और नशे की तस्करी रोकने तक बीएसएफ ने अहम भूमिका निभाई है। जम्मू-कश्मीर में शांति स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर उन्होंने जवानों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया। परिवार वालों का कुशल क्षेम भी पूछा। जवानों और उनके परिवारों के साथ रात्रि भोजन में शामिल होकर उन्होंने विषम परिस्थितियों में कर्तव्य निर्वहन के लिए जवानों के प्रति आभार जताया।
विज्ञापन
शहीदों और उनके परिवार को नमन
उन्होंने कहा कि देश की सेवा में बलिदान देने वाले बीएसएफ के शहीदों व उनके परिवार के प्रति नमन है। पूरा देश सुरक्षा बलों के प्रति नतमस्तक है जो लोगों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण प्रदान कर रहा है। आतंकवाद, टेरर फंडिग के पारिस्थितिकी तंत्र और देश विरोधी तत्वों को नेस्तनाबूद करने में जुटा है।