विधानसभा चुनावों में टिकट बंटवारे को लेकर भाजपा के बाद अब कांग्रेस में भी बगावत के सुर उठने लगे हैं। प्रत्याशी नहीं बनाए जाने से खफा पूर्व मंत्री चौधरी गारू राम ने कांग्रेस छोड़ने की घोषणा कर दी है। उन्होंने सुचेतगढ़ विधानसभा सीट से निर्दलीय उतरने का ऐलान भी किया है। पार्टी आलाकमान से नाराज पूर्व मंत्री ने रविवार को पार्टी का झंडा जलाया और पार्टी नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की।
पूर्व मंत्री चौधरी गारू राम टिकट के दमदार दावेदारों में शामिल थे। लेकिन जब कांग्रेस की सूची आई तो उसमें उनका नाम नहीं था। इसके बाद से ही वह पार्टी आलाकमान से नाराज चल रहे हैं। रविवार को अपने समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में विचार-विमर्श के बाद उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देने ऐलान किया है। हालांकि, देर शाम तक उन्होंने आलाकमान को इस्तीफा भेजा नहीं था।
उनके समर्थकों ने शामिल सुचेतगढ़ ब्लाक के कार्यकारी प्रधान सरदार रवैल सिंह सहित कई प्रतिनिधियों ने पार्टी से त्यागपत्र देने की घोषणा की। चौधरी गारू राम ने कहा कि लोकसभा चुनावों में पार्टी की हार के बावजूद कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके चेहते नेताओं ने सबक नहीं लिया और ऐसे लोगों को टिकट दिया जो दलबदल की राजनीति कर रहे हैं। चौधरी ने कहा कि चालीस साल से वह कांग्रेस का सिपाही बनकर लोगों की सेवा कर रहे हैं।