सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बाद राज्य के दौरे पर आए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा में नेता विपक्ष गुलाम नबी आजाद सोमवार को बारामुला पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ फल उत्पादकों, दिहाड़ी मजदूरों, पार्षदों और कैंसर मरीजों से कड़ी सुरक्षा के बीच मुलाकात की।
पूर्व मुख्यमंत्री से मुलाकात करने के बाद फ्रूट ग्रोअर्स एसोसिएशन के प्रेसीडेंट मो. यूसुफ ने कहा, जब से घाटी में पाबंदियां लगाई गई हैं उसके बाद से उनकी परेशानियां बढ़ गई हैं। इंटरनेट और मोबाइल फोन बंद होने से संचार सुविधा भी ठप है।
बाहरी राज्यों के व्यापारियों से संपर्क नहीं हो पा रहा। इसके चलते स्टोर किया माल खराब हो रहा है। आजाद से मुलाकात करने पहुंचे एक कैंसर मरीज ने कहा हमें इलाज ठीक से नहीं मिल पा रहा है।
मालूम हो कि सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बाद शुक्रवार को आजाद श्रीनगर पहुंचे थे। रविवार को वे दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के खन्नाबल पहुंचे थे और स्थानीय वीआईपी आवासीय कॉलोनी में चार घंटे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली थी।
चार जिलों की है अनुमति
कांग्रेस नेता का दौरा सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद संभव हो पाया है। इससे पहले उन्हें तीन बार एयरपोर्ट से वापस लौटना पड़ा था। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें श्रीनगर, जम्मू, बारामुला व अनंतनाग जाने की अनुमति दी है। वे आज जम्मू जा सकते हैं।