दिल्ली के नतीजों के फौरन बाद जम्मू-कश्मीर में सरकार गठन को कोरे कयास बताते हुए भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा ने कहा है कि केंद्रीय नेतृत्व की पीडीपी नेताओं के साथ वार्ता जारी है। उनका कहना है कि भाजपा सरकार गठन में किसी जल्दबाजी में नहीं है और मुद्दों पर चर्चा और न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर सहमति बनने के बाद सही समय पर सरकार का गठन हो जाएगा।
पार्टी मुख्यालय में रविवार को पत्रकार वार्ता में प्रदेशाध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव भाजपा और पीडीपी ने साथ मिलकर लड़ा और पीडीपी को दो और भाजपा को एक सीट हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के एक उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा है, लेकिन जम्मू कश्मीर में पहली बार भाजपा का कोई नेता राज्यसभा का सदस्य चुना गया है और पार्टी इसे ऐतिहासिक क्षण मानती है।
राज्यसभा चुनाव में भाजपा की रणनीति की नाकामी के बारे पूछे गए सवाल पर जुगल ने कहा कि उनका मानना है कि भाजपा और पीडीपी की तरफ से एक दूसरे के उम्मीदवारों को वोट डाले गए, मगर एक सीट पर गणित गुलाम नबी आजाद के पक्ष में गया और वह चुनाव जीत गए।