फुटबॉल प्रेमियों को एक महीने तक शहर में फुटबॉल का रोमांच देखने को मिलेगा। आठ फरवरी से 27वीं स्टेट चैंपियनशिप का आगाज होगा। चैंपियनशिप में प्रदेश के सभी जिलों के साथ विभिन्न क्लबों से ए श्रेणी की 48 टीमें भाग ले रही हैं। मुकाबले शहर के जीजीएम साइंस कॉलेज मैदान और परेड फुटबॉल मैदान में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में आठ टीमें को सीधे प्री-क्वार्टरफाइनल में स्थान दिया गया है।
जम्मू-कश्मीर फुटबॉल एसोसिएशन (जेकेएफए) की ओर से आयोजित प्रतियोगिता को जेएंडके स्पोर्ट्स काउंसिल ने प्रयोजित किया है। इसमें जम्मू और कश्मीर संभाग के विभिन्न जिलों से 14-14 टीमें भाग ले रही हैं, जबकि अन्य टीमें विभिन्न क्लब से हैं जिसमें रियल कश्मीर, जेएंडके बैंक, जेएंडके पुलिस, लोन स्टार एफसी सहित अन्य शामिल हैं।
फुटबॉल चैंपियनशिप अंतरराष्ट्रीय मानकों के तहत खेली जाएगी। इसके लिए प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ रेफरी की नियुक्ति की गई है। प्रतियोगिता में प्रारंभिक दौर के मुकाबले 65 मिनट के होंगे, जबकि क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल के मुकाबले 90 मिनट के होंगे।