कड़ाके की ठंड और कट्टरपंथियों के फतवों से बेपरवाह कश्मीर की बेटियां फुटबाल में हाथ आजमा रही हैं। खेल मैदान पर गेंद को ड्रिबल करने से लेकर गोल दागकर जश्न मनाती महिला खिलाड़ियों की टीम का जोश देखते ही बन रहा है।
यह नजारा श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में खेली जा रही वूमेन फुटबाल प्रतियोगिता का है, जहां श्रीनगर सहित उत्तर और दक्षिण कश्मीर के हिंसा ग्रस्त इलाकों की लड़कियां पहुंची हैं। दस टीमों में बंटी फुटबाल क्रेजी लड़कियों के प्रारंभिक चरण के मैच सोमवार को मुकम्मल हो गए। अब चौदह दिसंबर को फाइनल खेला जाएगा।
श्रीनगर सेक्टर में सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स और जेएंडके स्टेट स्पोर्ट्स काउंसिल तथा जेएंडके फुटबाल एसोसिएशन के सहयोग से बख्शी स्टेडियम में विभिन्न इलाकों से स्कूलों, कालेजों और विभिन्न क्लबों से दस टीमें शिरकत कर रही हैं। मंगलवार से लड़कों के मुकाबले शुरू होंगे।