पहली अप्रैल को ऑनलाइन शॉपिंग करने पर 80 प्रतिशत तक छूट मिल रही है... एक मूवी टिकट खरीदने पर दो मूवी के टिकट मुफ्त मिलेंगे... मेरा एक्सीडेंट हो गया है, मुझे अस्पताल ले चल यार...। पहली अप्रैल यानी कि अप्रैल फूल के दिन आपको ये सब सुनने को मिल सकता है। एक-दूसरे को कुछ इस तरह फूल (मूर्ख) बनाने की तरकीब हो सकती है।
अप्रैल फूल मनाने का खासतौर से युवा इंतजार करते हैं। अपनों को बेवकूफ बनाने के लिए ढेर सारी तैयारियां करते हैं। सामने वाली की कमजोरी देखकर उसके साथ उसी तरह का मजाक किया जाता है। दूसरों को उल्लू बनाने के लिए युवा अब सोशल साइटों का जमकर प्रयोग करते हैं। इस सिलसिले में कुछ लोग दूसरों को परेशान करते हैं तो कोई कुछ दिलों को छू लेने वाला अप्रैल फूल मनाते। कुल मिलाकर आज हंसने-हंसाने का दिन है। सावधान रहें।
मजाक जरूर करें पर संभलकर
मजाक कई बार लोगों के दिल पर लग जाता है। कई बार कई लोगों के जान पर बन आती है। मनो चिकित्सक डॉ. अभिषेक चौहान ने कहा कि मजाक को दिल पर लेने से इनसान एक्यूट स्ट्रेस में जा सकता है। किसी करीबी को नुकसान पहुंचने की सूचना से शरीर में कई हारमोन में बदलाव आ जाते हैं। इससे बेचैनी, चेहरे पर पसीना आने, चक्कर या बेहोश छाने और धड़कन बढ़ जाने जैसे लक्षण आ सकते हैं। हार्ट अटैक का खतरा भी बढ़ जाता है। इसलिए सामान्य मजाक करना चाहिए।