जम्मू रेलवे स्टेशन को अन्य राज्य से जोड़ने वाले बलोल खड्ड पर बने एकमात्र पुल की बेसमेंट बाढ़ में बह गई है। तेज बहाव से बेसमेंट काफी अंदर तक खाली हो चुकी है। बेसमेंट खाली होने से इसका सीधा असर पुल के बने पिलरों पड़ता है। बताते चलें कि बाढ़ अथवा पानी के तेज बहाव से पुल के पिलरों को बचाने के लिए पुल के लगभग तीस फीट नीचे और तीस फीट ऊपर तक बेसमेंट बनाई गई होती है।
जिस समय बाढ़ या तेज पानी आए, तो पिलरों को कोई नुकसान नहीं पहुंच सके। गत दिवस हुई तेज बारिश के बाद बलोल खड्ड में आई बाढ़ से पुल के नीचे वाले हिस्से से बेसमेंट काफी बह चुकी है। अंदर ही अंदर से काफी दूर तक खाली भी हो चुकी है। सही मरम्मत न होने की स्थिति में पुल को आगे नुकसान हो सकता है। हर साल बाढ़ में बेसमेंट क्षतिग्रस्त होती है, लेकिन अभी तक रेलवे विभाग ने ठोस कदम नहीं उठाए हैं।