सोमवार को बाढ़ नियंत्रण विभाग की ओर से निर्देश जारी कर तवी किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट किया गया। तवी के जलस्तर में बहाव और जलस्तर को बढ़ते देख बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा जम्मू के तवी नदी के किनारे वाले इलाकों में शाम होते ही लाउड स्पीकर से अलर्ट रहने की घोषणा की गई।
सोमवार शाम करीब पांच बजे ही तवी के किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट करने के लिए बाढ़ नियंत्रण विभाग के कर्मचारियों का दल रवाना हो गया और मंडाल फलायं, बेलीचराना, सूड़े चक्क और मकवाल के रहने वाले लोगों को खासतौर से हिदायतें दी गईं कि वे मौसम के बिगड़े मिजाज और बारिश के कारण तवी के जलस्तर में बढ़ोतरी होने की वजह से वे तवी में जाने से परहेज करें।
वहीं तवी में किसी को जाने की सख्त हिदायत दी गई, क्योंकि शाम तक पानी का तेज बहाव बना हुआ था। मिली जानकारी के मुताबिक तवी का जलस्तर सोमवार सुबह नौ बजे ही साढ़े दस फुट तक पहुंच गया था। हालांकि शाम पांच बजे तक आधा फुट के करीब जलस्तर में गिरावट आई थी।
फिर भी तवी नदी का बहाव तेज रहा। बाढ़ नियंत्रण विभाग के चीफ इंजीनियर एचसी जेरथ ने बताया कि तवी का जलस्तर सोमवार को साढ़े दस फुट रहा जबकि इसके पानी का बहाव 55 हजार 600 क्यूसिक रहा।
तवी के खतरे का निशान 17 फुट निर्धारित है। चिनाब दरिया का 27 फुट जलस्तर रहा, जबकि इसके पानी का बहाव 85 हजार क्यूसिक रिकार्ड किया गया। चिनाब दरिया का खतरे का निशान 34 फुट निर्धारित है।