पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। सीमा पार से लगातार आतंकी घुसपैठ कराने में नाकाम पाकिस्तान अब घाटी के युवाओं के साथ नाबालिगों को भी बरगलाकर उनसे भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक लगा हुआ है।
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में सुरक्षा बलों ने ऐसे ही एक आतंकी भर्ती मॉडयूल का पर्दाफाश कर दो नाबालिग समेत पांच को आतंक की राह पर जाने से बचा लिया। दोनों पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में थे, जिन्हें सोशल मीडिया के जरिये कट्टरता का पाठ पढ़ाया जा रहा था। सभी को काउंसलिंग के बाद परिवार वालों को सौंप दिया गया।
एसएसपी आमोद नागपुरे ने बताया कि विशेष सूचना मिली थी कि जिले के पट्टन इलाके में पाकिस्तान युवाओं को आतंकवाद में शामिल कराने की साजिश कर रहा है। इस सूचना के आधार पर जांच की गई तो पाया कि दो नाबालिग समेत पांच युवा पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में हैं।
इनके अभिभावकों की मौजदूगी में पूछताछ में पता चला कि पाकिस्तानी हैंडलर युवाओं को बहकाकर दहशतगर्द बनाने की कोशिश में जुटा है ताकि भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ा जा सके। इसके लिए सोशल मीडिया का प्रयोग किया गया।