लगातार बढ़ रहे डेंगू के मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग सर्तक हो गया है। अभी तक पांच डेंगू के मामले पाजिटिव पाए गए हैं। इन सभी मरीजों को उपचार के बाद जीएमसी से छुट्टी दे दी गई है।
इसके अलावा जीएमसी व अन्य अस्पतालों में पहुंचने वाले संदिग्ध बुखार के मरीजों के टेस्ट किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जितने भी मामले पाजिटिव पाए गए हैं, यह दूसरे राज्यों से जम्मू कश्मीर पहुंचे हैं।
करीब सप्ताह पहले जम्मू में तीन डेंगू के मामले पाजिटिव पाए थे। इसके बाद पिछले दिनों दो और मामले सामने आए हैं। कुल मिलाकर अभी तक पांच मामले पाजिटिव पाए गए हैं। डेंगू के मामले बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से सतर्क हो गया है।
जीएमसी सहित जितने भी अस्पताल हैं, इनमें जितने भी मरीज संदिग्ध बुखार से पहुंच रहे हैं, इनकी पूरी जांच के साथ टेस्ट करवाए जा रहे हैं। स्टेट मलेरियाजिस्ट डा. गुरजीत सिंह ने बताया कि जितने भी मामले सामने आए हैं, यह सभी दूसरे राज्यों से आए हैं।
इसका इन सभी को डेंगू बाहरी राज्य में हो गया था। उन्होंने बताया कि जम्मू में जितनी स्लम बस्तियां हैं, उनमें मच्छर मारने की दवा का छिड़काव किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कबीर कालोनी, वेयर हाउस, राजीव नगर, गांधी नगर और अन्य कई इलाकों में स्थित स्लम बस्तियों में दवा का छिड़काव किया जा रहा है।
इसके अलावा जो मरीज पाजिटिव पाए गए थे। उनको अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं जीएमसी के प्रिंसिपल डा. घनश्याम दास गुप्ता ने बताया कि जीएमसी पहुंचने वाले मरीजों पर पूरी नजर रखी जा रही है। जो भी संदिग्ध बुखार से पीड़ित मिल रहा है, उसके टेस्ट करवाए जा रहे हैं।