आगामी दो जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा की सफलता के लिए मंगलवार को ज्येष्ठ पूर्णिमा पर श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की ओर से चंदनबाड़ी में प्रथम पूजा की गई। पारंपरिक पहलगाम-पवित्र गुफा ट्रैक पर वैदिक मंत्रों के बीच हुई इस पूजा में भोले नाथ से सुख-समृद्धि की कामना की गई।
यात्रा से दो दिन पूर्व तीस जून तक सभी यात्रा प्रबंधों को मुकम्मल बनाने के निर्देश दिए गए। इस बीच बोर्ड के चीफ एग्जीक्यूटिव अफसर (सीईओ) पीके त्रिपाठी ने अधिकारियों के साथ चंदनबाड़ी में एसेस कंट्रोल गेट पर चल रहे कार्यों का जायजा लिया।
सीईओ ने आरएंडबी विभाग को कंट्रोल गेट पर शेल्टर शेड के साथ सभी क्षतिग्रस्त ढांचे की मरम्मत करने के निर्देश दिए। यात्रा कैंपों में सरकारी विभागों के इंजीनियरों और अधिकारियों के अलावा अन्य दूसरी एजेंसियों को युद्धस्तर पर काम करने को कहा गया।
पहलगाम और बालटाल ट्रैक पर बर्फ हटाने का काम चल रहा है। अमरनाथ यात्रा मौसम के मिजाज पर काफी निर्भर रहती है। यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी है।इस दौरान अतिरिक्त सीईओ जतिंद्र कुमार सिंह, जीएम (कार्य) आरके पंडिता आदि मौजूद रहे।
15 तक ट्रैक क्लीयर होने की उम्मीद
जिला उपायुक्त अनंतनाग (यात्रा आफिसर) बशीर अहमद खान ने कहा कि आगामी 15 जून तक अमरनाथ यात्रा ट्रैक से बर्फ हटाकर क्लीयर कर दिया जाएगा, जिसके बाद यात्रा कैंपों में चावल, चीनी, एलपीजी, लकड़ी आदि जरूरी सामग्री पहुंचाई जाएगी। मंगलवार को पहलगाम में एक उच्चस्तरीय बैठक में खान ने इसकी जानकारी दी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्वास्थ्य मंत्री चौधरी लाल सिंह ने टेंट, शौचालय, सफाई और अन्य दूसरे इंतजामों पर अफसरों से चर्चा की। उन्होंने यात्रा के दौरान सर्वोच्च न्यायालय के मानदंडों का पालन करते हुए ट्रैक को 12 फीट बनाने को कहा।
यात्रा के दौरान वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए बेस्ट सामग्री को वैज्ञानिक तरीके से नष्ट किया जाएगा। सभी यात्रियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र देखे जाएंगे। यात्रियों को आईएसएम, एलोपैथिक और स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।