नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन आफ इंडिया (एनएसयूआई) ने नेशनल कांफ्रेंस स्टूडेंट्स यूनियन और अन्य संगठनों संग पैनल बना लिया है। इन संगठनों में गुज्जर बक्करवाल स्टूडेंट्स एसोसिएशन, पहाड़ी स्टूडेंट्स इवाल्यूशन और यूएफएससी शामिल हैं। यह संभी संगठन एक होकर विश्वविद्यालय चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारेंगे, जिनकी घोषणा मंगलवार को कर दी जाएगी।
इन सभी संगठनों के नेताओं ने शुक्रवार दोपहर को प्रेस क्लब में एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस कर इस बात की जानकारी दी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पर निशाना साधा। कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस छात्र संगठन पर मेहरबान है। छात्र हितों की बात न कर यह संगठन केंद्रीय नेतृत्व के इशारे पर माहौल खराब करने का काम करता है।
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में छात्रों के आंदोलन के दौरान इस संगठन की भूमिका पर भी सवाल उठाए। कहा कि इस संगठन को कैंपस से बाहर करना ही सभी संगठनों का मकसद है। लिहाजा, एक जैसी सोच वाले संगठन साथ हैं।
अपनी बात रखने वालों में एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष नीरज कुंदन, प्रदेश उपाध्यक्ष अमजद भट्ट, एनसीएसयू के संभागीय युवा पदाधिकारी यशोवर्धन सिंह, साहिल सिंह जंवाल, गुज्जर बक्करवाल स्टूडेंट्स एसोसिएशन के जुल्फिकार, पहाड़ी स्टूडेंट्स इवाल्यूशन के रिफत खां आदि शामिल रहे।