अमरनाथ यात्रा को बाधित करने में आतंकी संगठन महिला आतंकियों का इस्तेमाल कर सकते हैं। महिला आतंकी अमरनाथ यात्रा के मुख्य आधार शिविर भगवती नगर में घुस सकती हैं। इस आशंका को देखते हुए आधार शिविर में सीआरपीएफ की एक महिला कंपनी को तैनात किया जाएगा। ऐसा पहली बार हो रहा है, जब महिलाओं की पूरी एक कंपनी शिविर में मौजूद रहेगी।
खुफिया एजेंसियों को इनपुट मिले हैं कि महिला आतंकी शिविर में घुस सकती हैं। इसलिए महिलाओं की एक कंपनी तैनात होगी जो शिविर में आने जाने वाली महिलाओं पर पैनी नजर रखेगी। एक कंपनी में 90 महिला कर्मी होंगी। इस कंपनी में अलग-अलग भाषाओं का ज्ञान रखने वाली सीआरपीएफ कर्मी शामिल होंगी। जानकारी के अनुसार इस साल अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बन चुकी है। सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसलिए इस तरह के कदम उठाए जा रहे हैं। डीएसपी प्रणव महाजन ने इसकी पुष्टि की है।
शिविर की सुरक्षा में इजाफा
पिछले साल भगवती नगर के आधार शिविर में बीएसएफ, सीआरपीएफ, पुलिस, सीआईडी, आईटीबीपी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के 500 के करीब कर्मी सुरक्षा में तैनात थे। इस साल इनकी संख्या 800 तक कर दी गई है। इसके अलावा पूरे आधार शिविर के बाहर से लेकर अंदर तक सीसीटीवी कैमरे रहेंगे। इस बार सीआईएसएफ के जवानों को भी सुरक्षा में लगाया जाएगा।