नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आठ अक्तूबर को सुबह सात से शाम चार बजे तक मतदान होगा। जिले में 584 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 103 अति संवेदनशील हैं। इन मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। माइक्रो आब्जर्वर की भी तैनाती की गई है, जो मतदान पर बारीक नजर रखेंगे।
डीसी रमेश कुमार ने चुनाव तैयारियों पर पत्रकारों को बताया कि मतदान इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के जरिये होगा। जिले में नगर निगम तथा सात म्युनिसिपल कमेटियों के लिए मतदान होगा। जम्मू नगर निगम के लिए 505 और म्युनिसिपल कमेटियों के लिए 79 मतदान केंद्र हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी कर्मचारियों की छुट्टियां उपायुक्त कार्यालय से रद्द कर दी गई है। चुनाव के दिन सरकारी अवकाश रहेगा।
सवा पांच लाख से अधिक करेंगे मतदान
नगर निगम जम्मू में 4 लाख 42 हजार 153 मतदाता मतदान करेंगे। मतदान सूचियों जारी कर दी गई है। केंद्रों में नाम मिलान के बाद मतदाता मतदान कर सकेगा। जम्मू जिला में सवा पांच लाख से ज्यादा मतदाता मतदान करेंगे।
मतदान में लें बढ़ चढ़कर हिस्सा
डीसी ने अपील की है कि चुनाव में मतदाता बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें। यह चुनाव 2005 के बाद अब 2018 में हो रहे हैं। चुनाव होने से विकास कार्य सिरे चढ़ सकेंगे।