फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

JK weather: जम्मू-कश्मीर में मानसून की पहली बारिश, वैष्णो देवी हेलिकॉटर सेवा प्रभावित, तापमान में गिरावट

Mon, 26 Jun 2023 02:25 AM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

मौसम विभाग के अनुसार कठुआ जिले में सबसे ज्यादा 88.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। उधर, कश्मीर संभाग के पहाड़ी इलाकों में भी हल्की बारिश हुई है। श्रीनगर में बारिश के आसार बने हुए थे।
विज्ञापन
जम्मू कश्मीर में बारिश के बाद सड़क पर हुआ जलभराव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू-कश्मीर में मानसून की दस्तक के बाद रविवार को प्रदेश के कई जिलों में हुई बारिश ने प्रचंड गर्मी से राहत दिला दी है। तापमान में हल्की गिरावट आई है। पुंछ में भारी बारिश के बाद मेंढर के नाड नाले में आई बाढ़ में फंसे व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाल लिया। लोगों के घरों में पानी घुसा है।

विज्ञापन


कटड़ा में दोपहर बाद बारिश हुई। त्रिकुटा पहाड़ियों पर धुंध छाने और खराब मौसम के कारण तीसरे दिन भी चॉपर सेवा प्रभावित रही। हालांकि बैटरी कार और रोपवे सेवाएं जारी है। जम्मू, सांबा और कठुआ जिले में मानसून की यह पहली बारिश है। दोपहर करीब दो बजे से शाम पांच बजे तक बरसे बादलों से नेशनल हाईवे सहित अन्य सड़कों में जलभराव की स्थिति बन गई।

मौसम विभाग के अनुसार कठुआ जिले में सबसे ज्यादा 88.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। उधर, कश्मीर संभाग के पहाड़ी इलाकों में भी हल्की बारिश हुई है। श्रीनगर में देर शाम तक बारिश के आसार बने हुए थे। 

जम्मू की सड़कों पर जलभराव, बिजली गुल  

जम्मू शहर में मानसून की पहली बारिश ने प्रचंड गर्मी से राहत दिलाने के साथ नगर निगम के दावों पर पानी फेर दिया है। रविवार दोपहर करीब तीन बजे से एक घंटा तक हुई 20.2 एमएम बारिश से हाईवे और अन्य सड़कों के साथ जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई।

विज्ञापन


शहर के मेन स्टॉप, फतेहपुर चौक, आंबेडकर चौक, ग्रेटर कैलाश, सैनिक कॉलोनी, जानीपुर, ज्यूल, कैनाल रोड पर निकासी न होने से बारिश का पानी भर गया। तेज हवाएं चलने से बनतालाब, सतवारी, सुंजवां, जानीपुर, गंग्याल, पलौड़ा आदि इलाकों में बिजली गुल हो गई। देर रात तक इन इलाकों में बिजली बहाल नहीं हो पाई थी। कई जगहों पर बिजली के तार टूटे हैं।

ग्रीन बेल्ट में फुटपाथ जलमग्न

शहर के पॉश इलाके गांधी नगर में स्मार्ट सिटी के तहत ग्रीन बेल्ट पार्क रोड के दोनों तरफ टाइल लगाकर पक्का फुटपाथ तैयार किया गया है। लेकिन रविवार को हुई झमाझम बारिश से पूरी रोड की एक तरफ पानी जमा होने से फुटपाथ भी जलमग्न हो गया।

गांधी नगर की गोल मार्केट में भी जलभराव हुआ। एक फुट तक पानी जमा होने से कार व दोपहिया वाहन चालाकों को निकलने में काफी जद्दोजहद करनी पड़ी।

बरसात में पानी बनेगा परेशानी

बता दें कि शहर में करीब 70 नाले हैं। नगर निगम ने दावा किया है कि नालों की सफाई करा दी गई है। लेकिन रविवार को हुई पहली बारिश से ही सैनिक कालोनी, ग्रेटर कैलाश, संजय नगर इलाकों में पानी ओवरफ्लो हो गया। आने वाले दिनों में बरसात होने पर नाले शहर के लिए आफत बन सकते हैं।

संजय नगर के पार्षद द्वारका चौधरी का आरोप है कि नालों की सही तरीके से सफाई नहीं हुई है। संजय नगर ही नहीं, पूरे शहर के नालों को ठीक से साफ नहीं किया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें