परंपरा से अलग श्री अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू-कश्मीर राज्य में पहले जत्थे का स्वागत मंगलवार को यात्रा से दो दिन पूर्व ही कर दिया गया। जिला प्रशासन की ओर से किए गए इंतजाम से जहां यात्री गदगद नजर आए तो वहीं स्वागत कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री ने 56 सदस्यों वाले पहले जत्थे को हरी झंडी देकर रवाना किया।
इस मौके पर पुलिस के साथ साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता भी यात्रियों के स्वागत के लिए पहुंचे।मंगलवार को भोले बाबा के दर्शनों को जाने वाले यात्रियों के पहले जत्थे का राज्य के प्रवेश द्वार लखनपुर में विधिवत स्वागत किया गया।
ढोल की थाप और भोले बाबा के जयकारों ने पूरा लखनपुर शिवमय हो गया। यात्रियों को ऐसे स्वागत की आशा नहीं थी, लेकिन जैसे ही ढोल बजना शुरू हुआ भोले बाबा के जयकारे लगाते हुए यात्री अपनी बसों से नीचे उतरे और जमकर नृत्य किया।