जम्मू/श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में कोरोना संक्रमण से मंगलवार को 12 और लोगों ने दम तोड़ दिया। जम्मू संभाग के रामबन में पहली मौत हुई है। इसके अलावा कश्मीर घाटी में एक 46 वर्षीय डॉक्टर समेत 11 लोगों की जान चली गई। इसके साथ प्रदेश में मौतों का आंकड़ा 333 पहुंच गया है। इस बीच 489 नए संक्रमित मामले सामने आए। जम्मू संभाग से 134 और कश्मीर संभाग से 355 मामले हैं। इसके अलवा 483 मरीज ठीक भी हुए हैं।
उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के सुमबल के रहने वाले एक डॉक्टर (46) की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। डॉक्टर कुपवाड़ा जिले के गुरेज में पोस्टेड था। 7 जुलाई को उसका कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया। 15 जुलाई को रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद एक बार फिर सोमवार को उसकी तबीयत बिगड़ गई। मंगलवार को श्रीनगर के स्किम्स अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं नए पॉजिटिव मामलों में जम्मू में 43 संक्रमितों में से 30 ट्रैवलर और बाकी अन्य वर्ग के शामिल हैं। श्रीनगर में सबसे अधिक 138, बारामुला में 30, कुलगाम में 7, शोपियां में 21, अनंतनाग में 4, कुपवाड़ा में 28, पुलवामा में 39, बड़गाम में 32, बांदीपोरा में 23, गांदरबल में 33, कठुआ में 19, राजोरी में 23, उधमपुर में 8, रामबन में 23, सांबा में 6, डोडा में 2, पुंछ में 5, रियासी में 5 मामले शामिल हैं।
2834 संदिग्ध निगरानी में लिए
मंगलवार को 2834 संदिग्ध लोगों को निगरानी में लिया गया। अब तक कोरोना संक्रमित, उनके संपर्क और विदेश यात्रा से जुड़े मामलों में 360761 लोगों को निगरानी में लिया जा चुका है। इसमें 45651 को घर पर क्वारंटीन, 7661 को अस्पताल में आइसोलेशन, 12 को अस्पताल में क्वारंटीन, 41025 को घर पर सर्विलांस पर लिया गया। इनमें 266079 ने सर्विलांस अवधि को पूरा कर लिया है। अब तक 603728 सैंपलों में से 584849 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। कुल 18879 संकर्मित मामलों में 7661 सक्रिय हैं। इनमें जम्मू संभाग से 1877 और कश्मीर से 5784 मामले हैं. अब तक जम्मू संभाग से 25 और कश्मीर से 309 लोगों की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो चुकी है।
483 संक्रमित मरीज रिकवर
जम्मू कश्मीर के विभिन्न अस्पतालों में मंगलवार को 483 संक्रमित मरीज अस्पतालों से ठीक होकर घरों को चले गए। इसमें 46 जम्मू संभाग और 437 कश्मीर संभाग से रहे। अब तक जम्मू संभाग से 2166 और कश्मीर से 8719 संक्रमित मरीज रिकवर हो चुके हैं। प्रदेश में रिकवरी दर 50 फीसदी से ऊपर चल रही है। लेकिन इसके साथ संक्रमित मामलों में भी बढ़ोतरी हो रही है।