पाकिस्तान ने एक बार फिर कायराना हरकत की है। राजोरी जिले में एक हफ्ते में दूसरी बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। केरी सेक्टर में भारतीय सेना के गश्ती दल पर गोलीबारी के बाद अब नौशेरा सेक्टर में स्नाइपर हमला किया है। इसमें गोली लगने से गश्ती दल का एक जवान घायल हुआ है। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, सेना के जवान सोमवार को नौशेरा सेक्टर के कलाल में गश्त कर रहे थे। दोपहर बाद करीब 2:40 बजे पाकिस्तान की ओर से गश्ती दल को निशाना बनाकर स्नाइपर हमला किया गया। गोली लगने से एक जवान घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार देकर हवाई मार्ग से सैन्य अस्पताल 150 जीएच राजोरी शिफ्ट किया गया है। घायल जवान की पहचान हवलदार पूरन सिंह 4 कमाऊ (कलाल बटालियन) के रूप में बताई जा रही है। वहीं, हमले के बाद सुरक्षाबल अलर्ट पर हैं। हालांकि, इस हमले को लेकर सेना की ओर से अभी आधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया गया है।