विशनह क्षेत्र के हरसा दबड और चक भगवाना में 19 किसानों की 135 कनाल गेहूं की फसल जलकर राख
बिश्नाह। क्षेत्र के गांव हरसा दब्ब्ड़, चक्क भगवाना में सोमवार को आग लगने से 19 किसानों की खेतों में खड़ी गेहूं की 135 कनाल फसल जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही बिश्नाह, गंग्याल व अरनिया से दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
अरनिया व बिश्नाह क्षेत्र में दमकल विभाग की दो गाड़ियों के होने से गंग्याल व अन्य फायर स्टेशन से गाड़ियों को बुलाना पड़ा। आग से सबसे ज्यादा नुकसान गांव चक्क भगवाना में हुआ। यहां 18 से अधिक किसानों की सौ कनाल से अधिक गेहूं की फसल जलकर राख हुई है। आग लगने की सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर दमकल विभाग की गाड़ियों के सहयोग से कर्मचारियों के साथ आग पर काबू पाया। गांव हरसा दब्ब्ड़ में राजाराम द्वारा गेहूं की फसल को निकलवा लिया गया। वह अनाज को बोरियों में भरकर घर ले जाने की तैयारी कर रहे थे। तभी लगी आग से बोरियां में भरी हुई दस क्विंटल के करीब गेहूं जलकर राख हो गया। क्षेत्र में दमकल विभाग की सिर्फ दो गाड़ियों के उपलब्ध होने से एक साथ दो अलग-अलग जगहों पर आग पर काबू पाने के लिए लोगों को स्वयं मेहनत करनी पड़ी।
इस दौरान मौके पर मौजूद किसानों ने कहा कि उन्होंने इस तरह की घटना के बारे में पहले ही विभाग को अवगत करा दिया था, लेकिन विभाग की तफ से कोई अतिरिक्त गाड़ियों का बंदोबस्त न होने से एक साथ दो अलग-अलग जगह लगी आग को काबू करने में कठिनाई हुई। इस दौरान जिन किसानों की फसल जलकर राख हुई है उनमें बब्बू राम, साधु राम, सरदारी लाल, सुभाष चंद्र, तोड़ू राम, नाटी राम, सेवाराम, पूर्ण चंद, दर्शन लाल, वरयाम चंद, तरसेम लाल, मोहिंदर पाल, रशपाल, वरयाम सिंह, ओम प्रकाश, सरदारी लाल, राज कुमार, राजा राम आदि शामिल हैं। उन्होंने सरकार व प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।