जम्मू। ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से चार कारें जल गई हैं। यह घटना दोपहर के समय डीसी कार्यालय के पास सर्कुलर रोड पर हुई है। यह कारें यहां पर खड़ी की गई थीं। गनीमत रही कि घटना के समय कोई वाहनों में मौजूद नहीं था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दोपहर के समय डीसी कार्यालय के नजदीक सर्कुलर रोड पर कई कारें खड़ी थीं। इस दौरान ट्रांसफार्मर में हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से एक कार में आग लग गई। कुछ ही समय में कार आग के गोले में तब्दील हो गई और देखते ही देखते पास खड़ी अन्य तीन कारों को भी चपेट में ले लिया। हालांकि दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब चार कारें पूरी तरह से जल चुकी थीं। इनमें जेके02बीएन 0300 वरना, जेके02वी1493 सैंट्रो, जेके02बीसी 3726 ऑल्टो और जेके0एके 5854 शामिल हैं। गौरतलब रहे कि डीसी कार्यालय होने के चलते कामकाज से आने वाले लोगों सहित स्टाफ कर्मी वाहनों को खड़ा करते हैं। रोजाना यहां पर वाहनों की संख्या अधिक रहती है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।