भद्रवाह। लगातार बारिश के चलते सोमवार को भद्रवाह ग्रिड स्टेशन में विस्फोट के साथ भीषण आग लग गई, जिसमें करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया है। उधर, कस्बे सहित आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।
जेई एसटीडी भद्रवाह निक्सन कश्यप ने कहा कि वैक्यूम अवरोधक में विस्फोट के कारण ग्रिड स्टेशन भद्रवाह के इन-कॉमर बैंक के साथ चार आउटगोइंग और 11 केवी पैनल्स भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। भीषण आग के कारण 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इससे भद्रवाह कस्बे सहित इसके आसपास के इलाकों में बिजली पूरी तरह से बंद है। एक्सईएन एसटीडी डोडा जरनैल सिंह ने भी मौके का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति जारी रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रहे हैं। तकनीकी विशेषज्ञ उपकरणों की मरम्मत के लिए बुलाए गए हैं। अुनमान है कि अन्य उपकरणों के साथ-साथ पावर केबल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। जल्द ग्रिड में बिजली की आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की जा रही है। ग्रिड की मरम्मत के बाद आग के कारणों का पता लगाया जाएगा।