अखनूर। जम्मू-पुंछ हाईवे के टांडा व चौकी चोरा के जंगलों में एक हफ्ते से लगातार आग लगी हुई है। वन विभाग के कर्मचारी दिन-रात लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाने के प्रयास कर रहे हैं। शुक्रवार देर रात चौकी चौरा के जंगलों में लगी आग बराल बिरादरी के देव स्थान बसावा तक जा पहुंची। देवस्थान के पास स्थित 10 घर आग की चपेट में आने का खतरा था। घंटों मशक्कत करने के बाद वन विभाग व अग्निशमन विभाग ने मिलकर आग पर काबू पाया। रातभर डीएफओ जम्मू सुरेश मांडा व रेंज फाॅरेस्ट अफसर मोहम्मद रफीक खुद मौके पर मौजूद रहकर मौका संभाला। चौकी चौरा व टांडा के जंगलों में लगी आग से वन संपदा को भारी नुकसान हो रहा है। बीते एक हफ्ते से लगी आग लगी ने सामान्य जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। धुएं ने हवा को बुरी तरह प्रदूषित कर दिया है, दृश्यता कम कर दी है और निवासियों और यात्रियों के लिए स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर दिया है।
कालीधार वन रेंज के रेंज अधिकारी मोहम्मद रफीक ने कहा कि रात को लगी आग पर काबू पा लिया है। आग लोगों के घरों तक पहुंचने वाली थी इसलिए इस पर जल्द ही काबू पाना जरूरी था। जंगल की आग पर नजर रखने वन विभाग को टीम रात में भी गश्त करती है। पहाड़ी क्षेत्र के जंगल की आग पर काबू पाना एक मुश्किल काम है। तापमान बढ़ने की वजह से आग पास के जंगलों में लग रही है। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे आग लगने की किसी भी घटना के बारे में तुरंत अधिकारियों को सूचित करें और आग पर काबू पाने में सहयोग करें। संवाद